बस्ती के दुबौलिया थाना क्षेत्र के भरुकहवा गांव की महिला राममती ने ग्राम प्रधान और उसके सहयोगियों पर निजी जमीन में जबरन रास्ता बनाने, नाबालिग बेटी के साथ मारपीट, मोबाइल तोड़ने तथा अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि थाने में शिकायत दर्ज नहीं की गई, जिसके बाद उसने उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता के अनुसार उसकी गाटा संख्या 102 भूमिधरी खेत में सब्जी की खड़ी फसल को रौंद कर ग्राम प्रधान अपने सहयोगियों के साथ जबरन रास्ता बनवा रहे हैं इस संबंध में पूर्व में भी उच्च अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
प्रार्थना पत्र के अनुसार 16 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे ग्राम प्रधान अपने सहयोगियों के साथ खेत में रास्ता बनाने का कार्य कर रहे थे। विरोध करने पहुंची उसकी नाबालिग पुत्री को मारपीट और धमकी देकर अपने खेत से भगा दिया और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया तथा उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़ित का पूरा परिवार प्रधान क़े डर से जीने को मजबूर है
राममती ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की शिकायत लेकर जब वह अपनी पुत्री के साथ दुबौलिया थाने पहुंची ना तो उसका शिकायती पत्र लिया गया और ना ही कोई कार्यवाही की गई इसके बाद उसने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोपितों के विरुद्ध जांच करा कर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

