बस्ती / जिले के नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीनी विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक दंपति पर जानलेवा हमले का आरोप लगा है। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मामला ग्राम भूअर सराय का है, जहां अंजनी वर्मा ने आरोप लगाया है कि सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी और सरिया लेकर उनकी जमीन पर कब्जा करने पहुंच गए। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। पीड़िता का कहना है कि शोर सुनकर उनके पति बीच-बचाव के लिए आए तो हमलावरों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया और सरिया से मारकर घायल कर दिया।
इतना ही नहीं, जान बचाने के लिए घर में घुसे दंपति के साथ भी मारपीट की गई और घर में तोड़फोड़ का भी आरोप है। गांव वालों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह दोनों की जान बच सकी।
पीड़िता का दावा है कि आरोपियों ने मुकदमा दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। अब पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

